Site icon Rajasthan Fast News

जोधपुर डंपर हादसा: तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से युवक की मौत, हाईवे जाम

जोधपुर: नगर निगम के डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, ग्रामीणों ने दो घंटे हाईवे जाम किया

जोधपुर के राजीव गांधी नगर थाना क्षेत्र के बड़ली इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें नगर निगम के डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना शुक्रवार सुबह बड़ली भैरुजी मंदिर के सामने स्थित हाईवे कट पर हुई।

कैसे हुआ हादसा?

पुलिस के अनुसार, बड़ली निवासी प्रीतम सिंह (28) पुत्र नारायण सिंह राजपुरोहित अपनी पत्थर फैक्ट्री से घर लौट रहे थे। भैरुजी मंदिर के पास कट पार करने के लिए वे सड़क किनारे खड़े होकर ट्रैफिक के निकलने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान केरू डंपिंग यार्ड की ओर कचरा खाली करने जा रहा नगर निगम का तेज़ रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया और बाइक सवार प्रीतम को टक्कर मार दी।

डंपर चढ़ा डिवाइडर पर, रेलिंग भी टूटी

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डंपर बाइक समेत डिवाइडर पर चढ़ गया और हाईवे की रेलिंग भी क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर ही युवक की मौत हो गई।

ग्रामीणों का गुस्सा, हाईवे दो घंटे जाम

हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीण सड़क पर उतर आए और हाईवे को करीब दो घंटे तक जाम रखा। गांव के लोगों ने मौके पर ही धरना देकर स्पीड ब्रेकर लगाने, बस स्टैंड व भैरुजी मंदिर स्टैंड के पास सुरक्षा व्यवस्था सुधारने की मांग उठाई।

पुलिस ने समझाइश कर शांत कराया माहौल

सूचना पर राजीव गांधी नगर थानाधिकारी रविंद्र पाल सिंह, चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना प्रभारी ईश्वरचंद पारीक और देवनगर थानाधिकारी सोमकरण मौके पर पहुंचे और समझाइश कर जाम खुलवाया।

एक लेन पर ट्रैफिक डायवर्ट होने से हुआ हादसा

प्रताप नगर एसीपी रविंद्र बोथरा ने बताया कि एनएचएआई द्वारा नवीनीकरण कार्य चलने के कारण हाईवे पर दोनों तरफ का ट्रैफिक एक ही लेन पर डायवर्ट था। इसी वजह से वाहनों का नियंत्रण बिगड़ रहा था और हादसा हुआ।

परिवार में मचा कोहराम – तीन छोटी बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

मृतक प्रीतम सिंह अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले थे। उनके पीछे तीन बेटियाँ हैं, जिनमें सबसे छोटी बेटी सिर्फ 11 महीने की है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

Exit mobile version